जनसंवाद, जमशेदपुर। धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण एवं विकास को लेकर क्षेत्र में बढ़ती उम्मीदों के बीच सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को धालभूमगढ़ स्थित पुराने हवाई अड्डे का स्थल निरीक्षण किया। द्वितीय विश्व युद्ध के समय वर्ष 1942 में निर्मित इस हवाई अड्डे की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं का जायजा लेने के बाद चैंबर ने उम्मीद जताई कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से वर्ष 2028 तक यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट केवल जमशेदपुर या कोल्हान की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके 100 किलोमीटर के दायरे में पश्चिम बंगाल का खड़गपुर (IIT), ओडिशा के बारीपदा, बालासोर व क्योंझर तथा संपूर्ण कोल्हान क्षेत्र आता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक शहर में सोनारी एयरपोर्ट से फिलहाल सीमित उड़ानें हैं। ऐसे में औद्योगिक विस्तार और निवेश के लिए धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का जल्द बनना बेहद जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि परिसर में द्वितीय विश्व युद्ध के समय की पुरानी संरचनाएं पहले से मौजूद हैं, जिनमें लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबाई वाली दो हवाई पट्टियां और एक अलग हैंगर स्ट्रिप शामिल है। चैंबर पदाधिकारियों का मानना है कि इस पुराने ढांचे का तकनीकी मूल्यांकन कर आधुनिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप विकसित करने पर काम किया जाना चाहिए।
चैंबर के महासचिव पुनीत काउंटिया ने बताया कि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग, केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ लगातार पत्राचार व मुलाकात की जा रही है। वहीं, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि परियोजना को वन स्वीकृति की दिशा में प्रगति मिली है और अब पर्यावरण मंत्रालय स्तर पर फंड निर्गत होने की प्रक्रिया शेष है, जिसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
- उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल ने कहा कि क्षेत्र में करीब 1,500 से 2,000 लघु एवं मध्यम उद्योग संचालित हैं। एयरपोर्ट बनने से इन्हें देश-विदेश के बाजारों से जुड़ने और बड़े निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
- उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल और सचिव बिनोद शर्मा ने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और सेवा क्षेत्र का विकास होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

















