Advertisement

जमशेदपुर को एयरपोर्ट और नियमित फ्लाइट की दरकार, मानव केडिया ने केंद्रीय मंत्री, सीएम और टाटा स्टील CEO को लिखा पत्र

By Goutam

Published on:

जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर में एयरपोर्ट एवं नियमित हवाई सेवा की लंबे समय से लंबित मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के अध्यक्ष मानव केडिया ने इस विषय को लेकर के. राममोहन नायडू, हेमन्त सोरेन एवं टी. वी. नरेन्द्रन, ग्लोबल सीईओ एवं एमडी, टाटा स्टील को एक विस्तृत पत्र भेजा है।

Advertisement
Advertisement

अपने पत्र में मानव केडिया ने जमशेदपुर की ऐतिहासिक, औद्योगिक एवं आर्थिक महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह शहर 100 वर्षों से अधिक पुराना है और देश के प्रमुख औद्योगिक एवं स्टील हब के रूप में जाना जाता है। इसके बावजूद आज तक जमशेदपुर व्यावसायिक एयरपोर्ट और नियमित हवाई सेवा से वंचित है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

Dayal Builder
Srinath

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर/टाटानगर को झारखंड की वित्तीय एवं औद्योगिक राजधानी कहा जा सकता है, लेकिन एयर कनेक्टिविटी के अभाव में यहां के उद्योगपतियों, व्यवसायियों, सरकारी अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को हवाई यात्रा के लिए रांची या कोलकाता पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे समय, संसाधन और लागत—तीनों की भारी बर्बादी होती है। मानव केडिया ने इसे “विकसित भारत” और “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” की अवधारणा के विपरीत बताया।

Advertisement

पत्र में वर्ष 2019 में प्रस्तावित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा द्वारा इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) तथा झारखंड सरकार के बीच एमओयू भी हुआ था, लेकिन वन एवं पर्यावरण संबंधी आपत्तियों के कारण यह परियोजना पिछले लगभग छह वर्षों से ठप पड़ी है।

मानव केडिया ने एक तत्काल और व्यावहारिक समाधान सुझाते हुए कहा कि जब तक स्थायी एयरपोर्ट परियोजना आगे नहीं बढ़ती, तब तक सोनारी एयरपोर्ट, जमशेदपुर में मामूली तकनीकी संशोधन कर क्षेत्रीय हवाई सेवा शुरू की जा सकती है। वर्तमान रनवे से छोटे टर्बोप्रॉप विमान, जैसे HAL DO-228, के माध्यम से जमशेदपुर–कोलकाता सहित अन्य शहरों के लिए दैनिक उड़ानें संभव हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रनवे विस्तार की संभावनाएं मौजूद हैं, जिसमें टाटा स्टील एवं टाउन प्रशासन की भूमिका अहम हो सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट और नियमित हवाई सेवा शुरू होने से न केवल आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि व्यापार, उद्योग, रोजगार सृजन, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

अंत में मानव केडिया ने आशा जताई कि केंद्र एवं राज्य सरकार जमशेदपुर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर की इस जायज मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी और शहरवासियों को हवाई कनेक्टिविटी की सौगात मिलेगी।

ताजा खबरें

WhatsApp