जनसंवाद, जमशेदपुर। भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आगामी 5 नवंबर को जमशेदपुर में विशाल पदयात्रा निकालेगी। पदयात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में बिष्टुपुर स्थित क्यू रोड में जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू एवं संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
बैठक में पदयात्रा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आम लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने स्वागत संबोधन करते हुए बताया कि 5 नवंबर को विशाल पदयात्रा साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से प्रारंभ होगी। इसमें धनबाद के विधायक राज सिन्हा सहित केंद्रीय नेतृत्व के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से विपक्ष के आधारहीन विरोध प्रदर्शनों और दोहरे राजनीतिक मापदंडों का जनता के बीच जवाब देगी। पार्टी जनसंपर्क के माध्यम से विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे और उसकी राजनीति के वास्तविक स्वरूप को उजागर करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है और अब अराजकता का माहौल बनाकर सत्ता प्राप्त करना चाहती है। संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। कांग्रेस अपनी सुविधा के अनुसार लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करती है, जबकि देश की जनता उसके चाल, चरित्र और चेहरे को पहचान चुकी है।
उन्होंने कहा कि देश अराजकता से नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की मर्यादाओं से चलेगा। इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक तैयारियों और संगठन के विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आम लोगों को पदयात्रा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष अपनी राजनीतिक हताशा में लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जनता को गुमराह करने और देश में भ्रम एवं अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर देंगे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि यह पदयात्रा लोकतंत्र की हुंकार और अराजकता की हार के संकल्प के साथ निकाली जाएगी। इसके माध्यम से जनता के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से विपक्ष के आधारहीन विरोध प्रदर्शनों और देश को अस्थिर करने के मंसूबों का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता, समर्पण और सक्रियता के साथ अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, नंदजी प्रसाद, सुधांशु ओझा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, राजन सिंह, मेनका सरदार, मीरा मुंडा, दुलाल भुइयां, अमरप्रीत सिंह काले, राजेश शुक्ला, जटाशंकर पांडेय, योगेश मल्होत्रा, अनिल मोदी, संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह, राजीव सिंह, मुचिराम बाउरी, तन्मय झा, रिंकू सिंह, रीना चौधरी, रेणु सिन्हा, अजय श्रीवास्तव, धर्मेंद्र प्रसाद, अमित अग्रवाल, काली शर्मा, संजीत चौरसिया, अखिल सिंह, ज्ञान प्रकाश, उज्ज्वल सिंह, मोर्चा अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, नीलू मछुआ, सागर राय, मंजीत सिंह, रमेश बास्के, पोरेश मुखी, चिंटू सिंह, शशांक शेखर समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















