जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के तिलोपदा पंचायत अंतर्गत लेपसो गांव में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर दीवाना क्लब लेपसो की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों और आसपास के क्षेत्रों से कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल में जयराम एफसी ने जीता खिताब
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दीवाना क्लब लेपसो और जयराम एफसी के बीच खेला गया। जयराम एफसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और चैंपियन बनी। दीवाना क्लब लेपसो उपविजेता रहा, जबकि केपीएस की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेता और उपविजेता टीम को किया गया पुरस्कृत
समापन समारोह में विजेता जयराम एफसी को 70 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता दीवाना क्लब लेपसो को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। तृतीय स्थान पर रही केपीएस टीम को 35 हजार रुपये दिए गए। वहीं चौथे से छठे स्थान तक रहने वाली टीमों को 15-15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समाजसेवी बासंती गागराई, तिलोपदा पंचायत के मुखिया राम सोय, पंचायत सचिव मुन्ना सोय और राहुल सोय ने संयुक्त रूप से किया।
बासंती गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी बासंती गागराई उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की।
अपने संबोधन में बासंती गागराई ने कहा कि खेलकूद युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, राहुल सोय, घनश्याम सोय, विकास गोप, समीर सामाड, मंगल सिंह सोय, विशाल सोय, मनोज मुदुईया, हरिचरण होनहागा, मनोज कुमार होनहागा, संतोष बानरा, गारदी सोय समेत कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

















