जनसंवाद, जमशेदपुर। ब्रह्मर्षि विकास मंच द्वारा रामनवमी, झंडा विसर्जन एवं विजयादशमी के अवसर पर साकची गोलचक्कर में भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में झंडा विसर्जन जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए चना, शरबत, पानी की बोतलें सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
मंच द्वारा विगत 32 वर्षों से लगातार इस सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो समाज सेवा की एक प्रेरणादायक परंपरा बन चुकी है। शिविर में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सुविधा का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अखाड़ों से आए अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। साथ ही कई गणमान्य व्यक्तियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद विद्युत बरन महतो का भी अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
मंच के अध्यक्ष विकास जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रामनवमी एवं विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। वहीं अमरप्रीत सिंह काले ने ब्रह्मर्षि समाज के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन पिछले तीन दशकों से लगातार जनसेवा में समर्पित है।
मंच के महासचिव अनिल ठाकुर ने शिविर में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थापक महासचिव राज किशोर, दीपू जी, राम उदय सिंह, सत्येंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
साकची इकाई के महामंत्री ललित रंजन मिश्रा, विपिन जी एवं उपेंद्र शाही सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से यह सेवा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

















