जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के गोमियाडीह पंचायत अंतर्गत बिरहड़ जंगल के भीतर बसे सेक्रेडीह गांव में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई मुख्य रूप से शामिल हुए। विधायक और उनकी टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
ग्रामसभा के दौरान विधायक दशरथ गागराई ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और विकास योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनका कर्तव्य है। राज्य सरकार आदिवासी समुदाय के शैक्षिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक ने कहा कि आदिवासी समाज का प्रकृति से गहरा संबंध है और वे सदियों से जंगल और पर्यावरण की रक्षा करते आए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि ऐसे क्षेत्रों के गांवों को मुख्यधारा के विकास से जोड़ा जाए।
इस दौरान विधायक दशरथ गागराई ने सेक्रेडीह और कुदाडीह गांव में दो फुटबॉल मैदान और एक गांधी चबूतरा अपने विधायक निधि से बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार इन गांवों में इस प्रकार की बुनियादी सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।
बैठक में ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्र, सड़क और पुलिया निर्माण सहित अन्य विकास योजनाओं की मांग रखी। ग्रामीणों ने इन समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन भी विधायक को सौंपा। विधायक ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को जिला और राज्य स्तर पर उठाकर जल्द से जल्द विकास कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामसभा बैठक में मुख्य रूप से विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड अध्यक्ष धमेंद्र सिंह मुंडा, भरत सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, मुखिया करम सिंह मुंडा, मुखिया राम सोय, राहुल सोय, चंद्र मोहन मुंडा, फागु मुंडा, रामकिस्टो मुंडा, लखींद्र पातर, घासिया मुंडा, सोयना सरदार, उपेंद्र सरदार, बुधराम मुंडा, अनिल टोपनो आदि उपस्थित थे।

















