जनसंवाद, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के फ्रंट व रियर एक्सल फैक्ट्री में सोमवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कंपनी में बढ़े उत्पादन, सेफ्टी और क्वालिटी को लेकर भी चर्चा हुई।
उत्पादन बढ़ा, टीम भावना से लक्ष्य हासिल करने पर जोर
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि इन दिनों कंपनी में उत्पादन ज्यादा है, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्पादन के साथ सेफ्टी और क्वालिटी से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करना जरूरी है।
हादसे का सबसे बड़ा असर मजदूर और परिवार पर
आरके सिंह ने कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सचेत करते हुए कहा कि यदि किसी मजदूर साथी के साथ कार्यस्थल पर दुर्घटना होती है तो उसका सबसे बड़ा नुकसान मजदूर और उसके परिवार को होता है। कंपनी पर उसका असर बाद में आता है। इसलिए सभी कर्मचारी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए काम करें।
अध्यक्ष ने कर्मचारियों का जताया आभार
यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने स्वागत के लिए कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधन के वरीय पदाधिकारियों, यूनियन पदाधिकारियों, कमेटी मेंबरों और आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्यों का भी अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अशोक उपाध्याय और मनोज सिंहा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया। मौके पर जीएम एके दास, सुभाष सिंह, ईआर के वरीय प्रबंधक अमित झा समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

















