जनसंवाद, जमशेदपुर। टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) और अमेरिका स्थित सूरी सेवा फाउंडेशन (SSF) ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (TSTI), बर्मामाइंस के छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी साझेदारी को अगले चार वर्षों के लिए नवीनीकृत किया है। अप्रैल 2026 से प्रभावी इस समझौते के तहत 18.5 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित और प्रोत्साहित करना है।
वर्ष 2020 में शुरू हुए सूरी सेवा फाउंडेशन अकादमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड कार्यक्रम के तहत अब तक 33 मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन, अनुशासन और सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।
अमेरिका के मिशिगन स्थित गैर-लाभकारी संगठन सूरी सेवा फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय है। टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ मिलकर यह संस्था टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है।
नवीनीकृत समझौते के तहत फाउंडेशन हर वर्ष मेकाट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के सात मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेगा। इनमें प्रतिष्ठित ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के साथ दोनों पाठ्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार शामिल हैं। यह पुरस्कार टाटा स्टील के पूर्व समर्पित कर्मचारियों सरदार निरंजन सिंह और सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति में दिए जाते हैं।
इस पुरस्कार की प्रमुख प्राप्तकर्ताओं में तनिषा गौतम भी शामिल हैं, जिन्होंने 2022-25 बैच में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। वर्तमान में वह गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी के सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में उन्हें भारत में निर्मित पहले व्यावसायिक सेमीकंडक्टर चिप के लॉन्च के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का अवसर भी मिला था।
सूरी सेवा फाउंडेशन के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस एवं बोर्ड सदस्य कुलविन सूरी ने कहा कि टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमशेदपुर के लिए योगदान देता रहेगा।
वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि सूरी सेवा फाउंडेशन का निरंतर सहयोग विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले चार वर्षों में भी यह साझेदारी कई नई सफलता की कहानियां गढ़ेगी।
















