जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 की तैयारी को लेकर बुधवार को कुचाई प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने की। इसमें प्रखंड के सभी बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से बीडीओ साधुचरण देवगम और सीओ सुषमा सोरेन भी मौजूद रहीं।
अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने बैठक में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 14 मई 2026 को झारखंड सहित अन्य राज्यों के लिए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की गई है। निर्वाचन आयोग ने 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए पुनरीक्षण कार्य और उससे संबंधित सभी गतिविधियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजर को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित तैयार करने के लिए विशेष सावधानियों और आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई और बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा गया।
बैठक में अंचल निरीक्षक बबलू करमाली, निर्वाचन कंप्यूटर ऑपरेटर अर्जुन महतो, वशिष्ठ प्रधान सहित अंचल कर्मी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।
















