सरायकेला / Balram Panda : राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिले में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है, उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में विशेष व्यवस्था लागू की जा रही है.
जिला प्रशासन द्वारा सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं, साथ ही खराब पड़े चापाकलों की त्वरित मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य भी तेज कर दिया गया है, ताकि आम लोगों को गर्मी के इस कठिन दौर में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं तथा आमजन को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां अवश्य बरतें. घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, अनावश्यक रूप से तेज धूप में निकलने से बचें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें.
प्रशासन ने कहा कि आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.


















