जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। पदमपुर के प्रसिद्ध काली पूजा सह मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर बुधवार को खरसावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बीडीओ प्रधान माझी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बीडीओ प्रधान माझी ने स्पष्ट कहा कि मेले के दौरान शराब की बिक्री और जुआ खेलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेले की निगरानी CCTV और ड्रोन कैमरों से की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में प्रशासन का मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल दी जा सके। झूला संचालकों को अग्निशमन की व्यवस्था रखने और CCTV कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया।
विधि-व्यवस्था भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि मेले में शराब की बिक्री, जुआ खेलने और विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों और सादे लिबास में जवानों की भी तैनाती रहेगी।
उन्होंने झूला संचालकों और दुकानदारों को आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया।
8 नवंबर की रात होगी मां काली की पूजा
बैठक में बताया गया कि 8 नवंबर की रात मां काली की पूजा होगी, जबकि 14 नवंबर को दोपहर 3 बजे प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। सात दिवसीय मेले में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था रहेगी।
गांव में वाहनों की नो-एंट्री रहेगी और प्रवेश द्वार पर ड्रॉप गेट बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य उपकेंद्र सातों दिन 24 घंटे खुला रहेगा।
बैठक में मुखिया मंगल सिंह जामुदा, सुनीता तापे, सुब्रत सिंहदेव, कालीचरण साहू, अशोक मंडल, अनंत बेहरा, अक्षय मंडल, रंजन साहू, अजीत सिंहदेव, सत्यनारायण मंडल, आकुला साहू, सुजीत मंडल, दिलीप मंडल, निरंजन मंडल, भूपेन मंडल, मनमित सिंह, अंशुमन सिंहदेव, राजाराम पड़िहारी और निरंजन सिंह समेत पदमपुर, तेलीसाही एवं बानरासाही के ग्रामीण उपस्थित थे।

















