सरायकेला / Balram Panda : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है. जारी आदेश के तहत कई थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
जारी आदेश के अनुसार खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि साइबर थाना में पदस्थापित वरुण यादव को ईचागढ़ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं सरायकेला थाना में पदस्थापित रविकांत परासर को आरआईटी ओपी प्रभारी तथा राहुल कुमार सिंह को खरसावां थाना प्रभारी बनाया गया है.
इसी क्रम में आदित्यपुर थाना में पदस्थापित सतीश वर्मवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है. दलभंगा ओपी प्रभारी रविन्द्र मुंडा को कुचाई थाना प्रभारी, जबकि कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा को कांड़्रा थाना में पदस्थापित किया गया है.
प्रशासनिक फेरबदल के तहत चांडिल थाना प्रभारी डिलसन बिरुआ को नीमडीह थाना प्रभारी तथा नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी को चांडिल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो को साइबर थाना सरायकेला भेजा गया है. चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार को गम्हरिया थाना तथा आरआईटी ओपी प्रभारी संजीव कुमार सिंह को खरसावां थाना में पदस्थापित किया गया है.
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के स्तर पर इसे कार्यक्षमता बढ़ाने, अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने तथा थाना स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीतिक पहल माना जा रहा है.
पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नई कार्यशैली, तेज कार्रवाई और जनसरोकारों से जुड़ी पुलिसिंग को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं. माना जा रहा है कि नए पदस्थापन के साथ पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और जनता की शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर और अधिक सक्रिय भूमिका में नजर आएगा.


















