जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां विधानसभा क्षेत्र के सीनी स्थित वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को जल्द ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से करीब 1.08 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालय में आठ अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। विधायक दशरथ गागराई ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
अतिरिक्त कमरों से विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षा बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और क्षमता का पूरा उपयोग कर सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलती है। वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय में आठ अतिरिक्त कमरों का निर्माण होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। इससे कक्षाओं के संचालन में होने वाली परेशानी कम होगी और शैक्षणिक गतिविधियां व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेंगी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
विधायक ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और विद्यालय में अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यालय की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी पहल करने का भरोसा दिलाया।
इससे पूर्व विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया।
मौके पर ये भी रहे मौजूद
मौके पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि मांगीलाल महतो, सरायकेला प्रखंड के उप प्रमुख बासुदेव महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष जन्नत हुसैन, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, डॉक्टर महतो, नरेंद्र महतो, लालचंद महतो, कुंदन मुखी और उखाड़ मांझी समेत झामुमो कार्यकर्ता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

















