गम्हरिया / Balram Panda: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को गम्हरिया में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन किया, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर झामुमो में शामिल हुए वरिष्ठ नेता केपी सोरेन के आवास पर आयोजित इस सम्मेलन में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, कार्यक्रम के दौरान भाजपा समेत विभिन्न दलों से जुड़े दर्जनों कार्यकर्ताओं ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के विस्तार को नई गति दी.
सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के करीबी माने जाने वाले बीटी दास, महिला नेत्री ममता बेज सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भी झामुमो का दामन थामा, सांसद जोबा मांझी और वरिष्ठ नेता केपी सोरेन ने सभी नए सदस्यों का पारंपरिक पट्टा और माला पहनाकर स्वागत किया तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
मीडिया से बातचीत में सांसद जोबा मांझी ने कहा कि लगातार नए लोगों का झामुमो से जुड़ना राज्य की राजनीति में पार्टी के बढ़ते जनाधार का संकेत है, उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व, उनकी नीतियों और जनकल्याणकारी सोच पर लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केपी सोरेन जैसे अनुभवी नेता के संगठन में आने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी.
अपने संबोधन में केपी सोरेन ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत राजनीतिक हितों के बजाय झारखंड के व्यापक विकास और जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए झामुमो का साथ चुना है, उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी हितों का संरक्षण तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन के पक्ष में जोरदार नारेबाजी करते हुए पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया, सम्मेलन को क्षेत्र में झामुमो की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.












