सरायकेला / Balram Panda : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो प्रमुख थाना क्षेत्रों में नए थाना प्रभारियों की तैनाती की है, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जारी आदेश के तहत अंजनी कुमार सिंह को आदित्यपुर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि संजय प्रसाद को गम्हरिया थाना की कमान सौंपी गई है.
जिले के औद्योगिक और संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल आदित्यपुर एवं गम्हरिया थाना की जिम्मेदारी संभालने वाले दोनों अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी.
पुलिस मुख्यालय को उम्मीद है कि नए थाना प्रभारी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई, यातायात व्यवस्था में सुधार और आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करेंगे, साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत कर नागरिकों में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास को और सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा.
प्रशासनिक हलकों में इस तबादले को जिले की कानून-व्यवस्था को नई गति देने और पुलिस व्यवस्था में कार्यकुशलता बढ़ाने की रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, माना जा रहा है कि नए नेतृत्व के साथ दोनों थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और जनसरोकारों से जुड़े मामलों के समाधान में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है.











