खरसावाँ / Balram Panda: जिले में औद्योगिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद पड़े अभिजीत प्लांट में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे छह आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है, गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर समेत लोहे की कटाई में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसावाँ थाना क्षेत्र के बुरूडीह स्थित बंद पड़े अभिजीत प्लांट परिसर में कुछ लोग गैस कटर की मदद से लोहे के ढांचों को काटकर चोरी करने की तैयारी में जुटे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लांट परिसर में छापेमारी की, पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर सभी को खदेड़ते हुए पकड़ लिया, पूछताछ और निशानदेही के आधार पर प्लांट परिसर से चोरी में प्रयुक्त गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, रेगुलेटर, पाइप और अन्य उपकरण बरामद किए गए.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खरसावाँ थाना क्षेत्र के बुरूडीह, कोलबुरूडीह, बुरुसाई तथा सरायकेला थाना क्षेत्र के देवगीरीसाई निवासी युवकों के रूप में हुई है. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में इनकी संलिप्तता रही है या नहीं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी, अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, औद्योगिक क्षेत्रों और बंद पड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है, इस कार्रवाई को औद्योगिक संपत्तियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
छापेमारी अभियान में खरसावाँ थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों, सैट टीम एवं सशस्त्र बल के जवानों की सक्रिय भूमिका रही.












