आदित्यपुर / Balram Panda : आदित्यपुर थाना के नवनियुक्त प्रभारी अंजनी कुमार सिंह का शुक्रवार को आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-11 एवं 12 के पार्षदों द्वारा गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया, इस दौरान क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था, जनसहयोग और सामाजिक समरसता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
सम्मान समारोह के दौरान थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराध, अवैध गतिविधियों और किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार अथवा असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल आदित्यपुर थाना अथवा स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है, आदित्यपुर थाना क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है.
इस अवसर पर वार्ड-11 एवं 12 के जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग और जनसहभागिता की अपेक्षा व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया, उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण और अधिक मजबूत होगा.











