जनसंवाद, जमशेदपुर। मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल की मेजबानी में सोमवार को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में CISCE जोनल स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें जोन के 17 स्कूलों के 70 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी तैराकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र, उद्यमी एवं संस्थापक सैयद अरशद ज़की रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन की सफलता के लिए चेयरमैन अखिलेश कुमार दुबे, मानद महासचिव लल्लन प्रसाद राय तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों के सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राचार्या संगीता सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी समान रूप से उत्कृष्टता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, प्रशिक्षकों और प्रबंधन के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। विशेष रूप से खेल शिक्षक पंकज कुमार राय और मनोज कुमार पांडेय के योगदान की प्रशंसा की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों को जोनल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराता रहेगा।

















