सरायकेला-खरसावाँ / Balram Panda: जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम कसने की दिशा में सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया, अभियान के दौरान गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पांच हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली गईं.
सरायकेला थाना में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले के अनुसंधान के दौरान एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई, पूछताछ में मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की पांचों मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, इस कार्रवाई से वाहन चोरी में सक्रिय गिरोह के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है.
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में सरायकेला थाना की भूमिका भी अहम रही, थाना स्तर पर जुटाए गए इनपुट, सटीक सूचना संकलन और एसआईटी के साथ प्रभावी समन्वय के कारण पुलिस कम समय में पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफल रही.
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जहां एसपी ने कहा कि जिले में वाहन चोरों, संगठित अपराधियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा, अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की संपत्ति की बरामदगी और संगठित अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

















