जनसंवाद, जमशेदपुर। डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल के कलाकृति सभागार में अंग्रेजी विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय इंटर हाउस स्पेलिंग बी प्रतियोगिता के फाइनल राउंड का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि विकसित करना, शुद्ध वर्तनी, समृद्ध शब्दावली, सही उच्चारण और प्रभावी भाषाई अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना था।
चार समूहों में हुई प्रतियोगिता, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित किया गया। विद्यालय के चारों हाउस—एमेरल्ड, सफायर, टोपाज़ और रूबी के बीच मुकाबला हुआ। फाइनल राउंड से पहले विभिन्न प्रारंभिक चरणों का आयोजन किया गया, जिनके आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया गया।
फाइनल मुकाबले में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, एकाग्रता और भाषाई दक्षता का परिचय देते हुए अपनी शब्द-संपदा और वर्तनी ज्ञान से प्रभावित किया।
एमेरल्ड और सफायर हाउस रहे विजेता
प्रतियोगिता के विभिन्न समूहों में विजेताओं के नाम इस प्रकार हैं—
ग्रुप-ए: श्रेष्ठ प्रकाश एवं देवांश यादव (सफायर हाउस)
ग्रुप-बी: इरफान खान एवं क्योंन पात्रा (एमेरल्ड हाउस)
ग्रुप-सी: कृतिका चंद्रा एवं रोनित कुंडू (एमेरल्ड हाउस)
ग्रुप-डी: प्रियब्रत एवं भौमिक साहू (सफायर हाउस)
अंग्रेजी विभाग के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम का आयोजन अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती सुपर्णा राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन समिति की संयुक्त सचिव उषा मालिनी, कोषाध्यक्षा भुवना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्षा पी.एस. अरुणा, प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा, उपप्रधानाचार्य सुपर्णा राय एवं एस. शिरीन, कोऑर्डिनेटर बेनजीर गुलशन और मालिनी अशोक सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
भाषाई कौशल बढ़ाने में सहायक हैं ऐसी प्रतियोगिताएं: प्रधानाचार्या
प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों और अंग्रेजी विभाग को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यालय के अनुसार, यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की भाषाई प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करने में उपयोगी साबित हुई।

















