चांडिल / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 10th माइलस्टोन होटल परिसर में ताबड़तोड़ गोलियां चलने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होटल परिसर में मृतक समेत कुल पांच लोग ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दो हथियारबंद युवक पहले से वहां घात लगाकर बैठे थे, मौका मिलते ही आरोपियों ने युवक पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, फायरिंग में युवक को करीब सात गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। वहीं, एक गोली बाहर की ओर भी चलने की जानकारी है.
गोलीबारी की आवाज से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के पीछे की वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है.
हालांकि, घटना को लेकर अभी तक पुलिस की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, प्रारंभिक सूचनाओं के आधार पर ही घटना का विवरण सामने आया है, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही गोलीकांड की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.



































