जनसंवाद, जमशेदपुर। डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी के लोगों के लिए सामुदायिक भवन की मांग पूरी होने की दिशा में अहम पहल हुई है। मंगलवार सुबह टाटा स्टील के भू-विभाग (लैंड डिपार्टमेंट) और अर्बन सिटी रोड एंड बिल्डिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने हिल व्यू कॉलोनी में प्रस्तावित सामुदायिक भवन के लिए स्थल का निरीक्षण किया। टीम ने हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष सौरभ विष्णु एवं अन्य सदस्यों के साथ संभावित स्थानों को देखा और उपयुक्त स्थल को लेकर चर्चा की।
10 जून की बैठक के बाद जमीन पर उतरी पहल
सामुदायिक भवन को लेकर यह पहल 10 जून 2026 को टाटा स्टील के बिष्टुपुर स्थित कॉरपोरेट कार्यालय में हुई बैठक के बाद सामने आई है। बैठक में सौरभ विष्णु ने हिल व्यू कॉलोनी के निवासियों की ओर से सामुदायिक भवन की आवश्यकता का मुद्दा टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष रखा था। इसके बाद समिति की ओर से टाटा स्टील को औपचारिक पत्र भेजकर मांग दोहराई गई। इसी क्रम में मंगलवार को कंपनी की टीम ने कॉलोनी पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया।
महीनों से बुनियादी सुविधाओं को लेकर संघर्ष
हिल व्यू कॉलोनी के निवासी पिछले कई महीनों से पेयजल आपूर्ति, फॉगिंग, नाला सफाई और कचरा उठाव जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर समिति की ओर से प्रशासन से लगातार जवाबदेही की मांग की गई है। 23 अगस्त 2026 को भी इन्हीं समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था।
ऐसे में सामुदायिक भवन के लिए स्थल निरीक्षण को कॉलोनी के निवासियों के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।
बच्चों से बुजुर्गों तक सभी के लिए उपयोगी होगा भवन
हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने कहा कि सामुदायिक भवन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि बच्चों के कार्यक्रम, महिला समूहों की बैठक, सामाजिक आयोजन और बुजुर्गों के आपसी मेलजोल के लिए कॉलोनी में अपना कोई सामुदायिक स्थान नहीं है।
सौरभ विष्णु ने स्थल निरीक्षण को इस दिशा में ठोस शुरुआत बताते हुए टाटा स्टील प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और कॉलोनी को सामुदायिक भवन की सुविधा मिल सकेगी।
आगे की प्रक्रिया पर भी नजर
समिति के अनुसार, टाटा स्टील की टीम के साथ प्रस्तावित सामुदायिक भवन की आगे की प्रक्रिया और संभावित समय-सीमा को लेकर औपचारिक पत्राचार किया जा रहा है। समिति ने कहा कि निवासी परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे।
समिति की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि सामुदायिक भवन की मांग पूरी तरह कॉलोनी के निवासियों की सामुदायिक आवश्यकता से जुड़ी है और इसका किसी राजनीतिक दल अथवा राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।



































