आदित्यपुर / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम कथित अपहरण की सूचना से सनसनी फैल गई, आशियाना मोड़ के समीप एक युवक को हथियारबंद लोगों द्वारा जबरन अपने साथ ले जाने की बात सामने आ रही है, घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बताया जा रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कथित तौर पर जिस युवक को उठाकर ले जाया गया, वह खुद स्विफ्ट डिजायर कार से आशियाना मोड़ के समीप पहुंचा था, इसी दौरान कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और युवक को कथित रूप से अपने कब्जे में लेकर दूसरी गाड़ी से मौके से फरार हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कथित रूप से अगवा किए गए युवक की पहचान मुस्लिम बस्ती निवासी सलीम के रूप में बताई जा रही है, हालांकि, युवक की पहचान और अपहरण की घटना की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
घटना की सूचना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। खुलेआम हथियारबंद लोगों द्वारा युवक को जबरन ले जाने की चर्चा ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, लोगों के बीच यह चर्चा है कि आखिर व्यस्त इलाके में ऐसी घटना कैसे हुई और पुलिस की गश्ती व्यवस्था उस वक्त कहां थी?
इधर, सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, युवक के स्विफ्ट डिजायर से पहुंचने से लेकर कथित तौर पर उसे उठाकर ले जाने तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
फिलहाल मामला जांच के दायरे में है, पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह वास्तव में अपहरण का मामला है या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है.


































