जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड क्षेत्र के तिलोपदा पंचायत अंतर्गत दुखियाडीह फुटबॉल मैदान में सागुन सारना क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिराज एफसी ने खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों से परिचय लेकर बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह से पहले विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल झारखंड की पहचान रहा है और ऐसे आयोजन युवाओं को प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर देते हैं।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
विधायक ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। गांव-गांव में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर मेहनत और लगन सफलता की कुंजी है।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सागुन सारना क्लब के पदाधिकारियों और ग्रामीणों की सराहना की।

विजेता टीम को खस्सी और 1200 रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता बिराज एफसी को खस्सी और 1200 रुपये, उपविजेता ब्लैक सुटर को खस्सी और 1000 रुपये देकर सम्मानित किया गया। तीसरे स्थान पर रही जोरों एफसी को खस्सी और 600 रुपये तथा चौथे स्थान पर रही झारखंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन को खस्सी और 400 रुपये का पुरस्कार दिया गया। पांचवें से आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को भी खस्सी और राशि देकर सम्मानित किया गया।
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर विधायक दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, वनाधिकार विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, क्लब सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, सलाहकार मंगल हांसदा, मांगीलाल सुम्बरुई, मोहनलाल हांसदा, निर्दोष हांसदा, संतोष हांसदा, उमेश सोय, प्यारे लाल सोय, सुरेश हांसदा, आदर्श हांसदा, सोमा सोय, तुरी हांसदा, सुखराम हांसदा, गुलाब हांसदा, गणेश सोय, अजीत पान समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

















