जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड के तोरसिंदुरी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) परिसर में आयोजित चार दिवसीय प्रथम क्लस्टर स्तरीय स्पोर्ट्स मीट-2026 का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई सहित खिलाड़ी, शिक्षक, अभिभावक और विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी शामिल हुए।
चार दिनों तक खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दम
चार दिवसीय खेल महोत्सव में विभिन्न एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो और दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
समापन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सफल खिलाड़ियों और विजेता टीमों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
फुटबॉल से कबड्डी तक इन स्कूलों ने जीते खिताब
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
– फुटबॉल बालक वर्ग: EMRS डूमुरिया
– फुटबॉल बालिका वर्ग: EMRS तोरसिंदुरी
– वॉलीबॉल बालक वर्ग: EMRS टोंटो
– वॉलीबॉल बालिका वर्ग: EMRS तोरसिंदुरी
– खो-खो बालक वर्ग: EMRS तांतनगर
– खो-खो बालिका वर्ग: EMRS तोरसिंदुरी
– कबड्डी बालक वर्ग: EMRS पोटका
– कबड्डी बालिका वर्ग: EMRS बहरागोड़ा
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर बालिका वर्ग में EMRS तोरसिंदुरी और बालक वर्ग में EMRS पोटका को ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की गई।
विधायक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
आदिवासी नृत्य ने बांधा समां
समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, जीप सदस्य जमुना तियू, रजनी बानरा, डिंबू तियू, आसरा संस्था के निदेशक शिवकर पुरती, सचिव सरोज पुरती, कोषाध्यक्ष दीपिका चौधरी, विद्यालय की प्राचार्या गीतांजलि पान, उप प्राचार्य शशि भूषण मल्लिक ठाकुर सहित 17 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के स्काउट शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
आयोजक समिति, प्राचार्या और उप प्राचार्य ने मुख्य अतिथि, गणमान्य अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकगण और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

















