जनसंवाद, जमशेदपुर। नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय (NSU), जमशेदपुर ने अमेरिका के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (IMA) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्त, लेखांकन और प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक प्रमाणन तथा करियर के अवसरों से जोड़ना है।
CMA, FMAA और CSCA प्रमाणन कार्यक्रमों पर जोर
समझौते के तहत विद्यार्थियों को IMA के CMA, FMAA और CSCA प्रमाणन कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें वित्त एवं लेखांकन क्षेत्र में व्यावसायिक कौशल विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।
हर साल पांच छात्रवृत्तियों का प्रावधान
समझौते में प्रतिवर्ष अधिकतम पांच विशिष्ट छात्रवृत्तियों का प्रावधान किया गया है। ये छात्रवृत्तियां IMA के निर्धारित पात्रता मानदंडों के अधीन होंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को व्यावसायिक जागरूकता कार्यक्रमों, सेमिनार और शैक्षणिक सहयोग के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय और IMA के प्रतिनिधि रहे मौजूद
समझौते के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणि और डीन (प्रशासन) डॉ. राकेश कुमार उपस्थित रहे। वहीं, IMA की ओर से भारत में कॉर्पोरेट रिलेशंस की प्रमुख अंशुल प्रिया और सेंट्रल ईस्ट इंडिया के रिलेशनशिप डेवलपमेंट प्रतिनिधि सौरभ सिंह ने भाग लिया।
इस समझौते के माध्यम से विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक प्रमाणन और करियर संबंधी अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रयास कर रहा है।

















