आदित्यपुर / Balram Panda: सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए दुखद खबर है, आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान, आदित्यपुर-1 निवासी राष्ट्रीय जनता दल के सक्रिय कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मदन यादव का निधन हो गया, 56 वर्षीय मदन यादव के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है, उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
मदन यादव राष्ट्रीय जनता दल के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ-साथ आदित्यपुर विकास समिति से भी जुड़े हुए थे, वे मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के छपिया के निवासी थे, टाटा स्टील के एलडी-1 में पूर्व कर्मचारी रहे मदन यादव ने अपने जीवन में सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई.
उनका अंतिम संस्कार पार्वती घाट पर किया गया, इस दौरान परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों की आंखें नम रहीं, उनके छोटे भाई सदन यादव ने मुखाग्नि देकर उन्हें अंतिम विदाई दी. मदन यादव की अंतिम यात्रा में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत मदन यादव को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया.
अंतिम यात्रा में हरे कृष्ण यादव, गुलाब यादव, निरंजन कुमार, दिलीप मंडल, राजकिशोर यादव, संतोष कुमार सिंह, एसएन यादव, वीरेंद्र कुमार सिंह यादव, शैलेंद्र कुमार, संजय कुमार, ओम प्रकाश, शंभू यादव और श्याम यादव समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।
मदन यादव के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। उनके निधन पर लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.

















