आदित्यपुर / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांझी टोला में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करीब 30 वर्षीय मुन्ना मुंडारी की जान चली गई। घर की छत पर काम करने के दौरान वह 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए, तेज करंट लगने से उनकी मौत हो गई, घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के अनुसार, मुन्ना मुंडारी बुधवार सुबह अपने घर की छत पर काम कर रहे थे, इसी दौरान छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गए, करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौत हो गई, अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई.
इस दर्दनाक हादसे ने घनी आबादी वाले इलाकों में मकानों के बेहद करीब से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, सवाल यह है कि आखिर घरों की छतों के इतने करीब से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तारों के आसपास सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा है?
स्थानीय स्तर पर बिजली विभाग की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है, संबंधित विभाग को ऐसे संवेदनशील इलाकों में बिजली तारों और मकानों के बीच सुरक्षित दूरी का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े.
फिलहाल, इस हादसे में किसी विभागीय लापरवाही की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, घटना ने बिजली विभाग और संबंधित प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने तथा संभावित खतरों को दूर करने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर किया है.

















