जनसंवाद, जमशेदपुर। जेवियर पब्लिक स्कूल, डोरकासाई में 6 नवंबर 2026 को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में 30 से अधिक समूहों ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए।
स्मार्ट डस्टबिन से चंद्रयान-III तक के मॉडल प्रदर्शित
प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण स्मार्ट डस्टबिन, सोलर ओवन, डिफेंस सिस्टम, स्मार्ट फार्मिंग, पाथ फाइंडर सोल, वाटर लेवल मीटर, चंद्रयान-III और हाइड्रोलिक डैम जैसे मॉडल रहे। पाथ फाइंडर सोल मॉडल दृष्टिहीन लोगों को रास्ता दिखाने में सहायक है।
कार्यक्रम की शुरुआत विज्ञान के वरिष्ठ शिक्षक चंद्रकांत त्रिपाठी के संबोधन से हुई। उन्होंने दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुबह नींद से जागने से लेकर रात को सोने तक हम जिन सुविधाओं का उपयोग करते हैं, वे विज्ञान की देन हैं।
उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी केवल मॉडल और उपकरणों को प्रदर्शित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की सोच, जिज्ञासा और कुछ नया करने के जुनून को मंच प्रदान करती है।
डिफेंस सिस्टम मॉडल को मिला प्रथम पुरस्कार
प्रदर्शनी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के डिफेंस सिस्टम मॉडल को प्रथम पुरस्कार मिला। विजेता समूह में रोहित महतो, राजदीप, पंकज पूर्ति, गुरूशान शर्मा और गौतम कालिंदी शामिल थे।
पाथ फाइंडर सोल मॉडल को द्वितीय और वाटर लेवल मीटर मॉडल को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा दो समूहों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा।
करीब 250 प्रतिभागियों को मिला प्रमाण पत्र
प्रदर्शनी में शामिल सभी प्रतियोगियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगभग 250 रही।
कार्यक्रम की सफलता विद्यार्थियों के अथक प्रयास, लगन और मेहनत का परिणाम रही। शिक्षकों ने भी हर कदम पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और सहयोग किया।

















