जनसंवाद, जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में 5 नवंबर 2026, गुरुवार को दीपावली का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारंपरिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भाषण और भक्ति नृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञानवर्धक भाषण से हुई। इसके माध्यम से बच्चों को दीपावली मनाने के कारणों और जीवन में इसके महत्व की जानकारी दी गई। इसके बाद अलग-अलग वर्गों के विद्यार्थियों ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्सव के उल्लास से भर गया।
दीया सजावट और ड्राइंग प्रतियोगिता में दिखी रचनात्मकता
कार्यक्रम के दौरान ड्राइंग प्रतियोगिता, दीया सजावट और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने दीपावली से जुड़े प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत किए और दीयों की पेंटिंग बनाई। वहीं, कुछ बच्चों ने मिट्टी के दीयों को रंगों, शीशे, मोतियों, कुंदन और सुनहरी लेस से सजाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में दीपोत्सव का यह आयोजन हर्षोल्लास के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

















