Advertisement

[smartslider3 slider="10"]

 

डिमना कचरा विवाद: ‘जिस पर आरोप, वही जांच में शामिल! बिना नमूने और लैब रिपोर्ट कैसी क्लीन चिट?’— सौरभ विष्णु ने मानगो निगम की जांच पर उठाए सवाल

By Goutam

Published on:

 

डिमना कचरा विवाद
 

जनसंवाद, जमशेदपुर। डिमना चौक के पास वसुंधरा एस्टेट के सामने प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल की जमीन पर कचरा डंपिंग की जांच की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने 26 नवंबर को हुई एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) की संयुक्त समिति के निरीक्षण और उसके बाद सामने आए ‘क्लीन चिट’ के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

Advertisement
Advertisement
सौरभ विष्णु ने कहा कि समाचारों के अनुसार निरीक्षण टीम में उपायुक्त के प्रतिनिधि के रूप में मानगो नगर निगम के ही एक वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, जबकि इस पूरे मामले में निगम स्वयं प्रतिवादी (आरोपी) है। उन्होंने सवाल किया, “जिस निगम के कार्यों की जांच हो रही है, उसी का अधिकारी जांच समिति में बैठे तो जांच निष्पक्ष कैसे रहेगी? कोई भी पक्ष अपने ही मामले में जांचकर्ता नहीं हो सकता।” उन्होंने समिति की विश्वसनीयता के लिए उपायुक्त से किसी स्वतंत्र पदाधिकारी को नामित करने की मांग की है।

Dayal Builder
Srinath

निगम की ‘क्लीन चिट’ के तीनों दावों की खोली पोल

सौरभ विष्णु ने निरीक्षण के अगले ही दिन निगम की ओर से सामने आए “क्लीन चिट” के तीन प्रमुख दावों को तथ्यों से परे बताया:
  • पहला दावा (भूजल प्रदूषण नहीं): निरीक्षण के दौरान मिट्टी, रिसाव (लीचेट) या भूजल का एक भी नमूना नहीं लिया गया। सौरभ विष्णु ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के प्रतिनिधि ने फोन पर स्पष्ट किया है कि बोर्ड ने पानी को लेकर कोई क्लीन चिट पत्र जारी नहीं किया है। टीम केवल दृश्य निरीक्षण के लिए आई थी और रिपोर्ट एनजीटी को सौंपेगी। भूजल की शुद्धता नाले का पानी देखकर नहीं, बल्कि हैंडपंप व बोरिंग के पानी की लैब जांच से तय होती है।
  • दूसरा दावा (इलाके में बीमारी नहीं): निरीक्षण के 24 घंटे के भीतर स्वास्थ्य संबंधी क्लीन चिट सामने आना संदेह पैदा करता है। प्रशासन सार्वजनिक करे कि यह सर्वे कब हुआ, किन बस्तियों के आंकड़े देखे गए और कितने घरों की जांच हुई?
  • तीसरा दावा (अस्थायी ट्रांसफर स्टेशन): जल संसाधन विभाग ने 24 फरवरी 2026 को ही उपायुक्त को पत्र लिखकर बताया था कि निगम पिछले डेढ़ साल से यहां कचरा फेंक रहा है। वहीं, राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद (JSPCB) ने 5 नवंबर के आरटीआई जवाब में साफ कहा है कि निगम को किसी भी स्थल का प्राधिकार नहीं दिया गया है।
नियमों के बिना कचरा डालने की अनुमति असंभव

समाचारों में इस जमीन पर फिर से कचरा डालने की अनुमति मिलने की चर्चाओं पर सौरभ विष्णु ने कहा कि यदि ऐसा कोई आदेश है, तो उसकी प्रति सार्वजनिक की जाए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत किसी भी कचरा केंद्र का प्राधिकार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद देता है। सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में उपायुक्तों को जो शक्तियां दी हैं, वे नियमों को लागू कराने के लिए हैं, न कि नियमों के विरुद्ध किसी स्थल पर कचरा डंपिंग की अनुमति देने के लिए। एनजीटी में मामला लंबित रहते ऐसा करना कोर्ट के आदेशों की अवहेलना होगी।
“हम कचरा उठाव के विरोध में नहीं हैं, बल्कि हर मानगोवासी को साफ-सुथरा शहर दिलाने के पक्ष में हैं। कचरा उठे, पर नियम से और अधिकृत स्थल पर जाए। बालीगुमा–बेताकोचा हो या मीरूडीह, सभी स्वीकृतियों के साथ बनने वाले वैज्ञानिक केंद्र का हम समर्थन करेंगे, लेकिन जनता के बस टर्मिनल की जमीन कचरा घर नहीं बनेगी।”
— सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच

Advertisement
जन विकास मंच की चार प्रमुख मांगें:
  1. संयुक्त समिति में जिला प्रशासन की ओर से किसी स्वतंत्र पदाधिकारी को नामित किया जाए।
  2. मिट्टी, लीचेट और भूजल के नमूने पूर्व सूचना देकर, आवेदक की मौजूदगी में मान्यता प्राप्त लैब से जांचे जाएं और स्वास्थ्य सर्वे के आंकड़े सार्वजनिक हों।
  3. निरीक्षण के दौरान CPCB प्रतिनिधि द्वारा दिए गए आश्वासनों (कचरा न गिराने व वैज्ञानिक तरीके से हटाने) पर लिखित आदेश जारी हो।
  4. प्राधिकृत स्थल पर अंतरिम व्यवस्था, वार्डवार कचरा उठाव का शेड्यूल और स्थायी कचरा केंद्र की समय-सीमा सार्वजनिक की जाए।

ताजा खबरें

WhatsApp