जनसंवाद, जमशेदपुर/डोरेकासाई । जेवियर पब्लिक स्कूल, डोरेकासाई में दीपावली समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
श्रीराम, सीता और लक्ष्मण की झांकी ने मोहा मन
समारोह की शुरुआत दीपावली के महत्व पर दिए गए भाषण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन की सुंदर झांकी प्रस्तुत की। नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने मनमोहक नृत्य के माध्यम से उनके आगमन का स्वागत किया।
रंगोली और दीप सजावट में दिखाई प्रतिभा
अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर विद्यालय को सजाया। कक्षा 1 से 4 तक के बच्चों ने दीप पेंटिंग कर उसे आकर्षक ढंग से सजाया। वहीं, कक्षा 6 और 7 के विद्यार्थियों ने रंगों के महत्व को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया।
कार्यक्रम में सभी बच्चे काफी प्रसन्न नजर आए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि दीपावली बुराई पर अच्छाई की विजय का पावन पर्व है। त्योहार के दौरान घर और आसपास की सफाई के साथ मन के अंदर की बुराइयों को भी दूर करना चाहिए। बच्चों ने इस आयोजन के माध्यम से आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

















