जमशेदपुर / Balram Panda : दीपावली और धनतेरस के उल्लास के बीच जुगसलाई पुलिस ने जनसुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान ने क्षेत्रवासियों को दीपावली एवं धनतेरस की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है, उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार की खुशियां बरकरार रखने के लिए नागरिकों की सतर्कता और पुलिस-प्रशासन का सहयोग बेहद जरूरी है.
थाना प्रभारी ने कहा कि जुगसलाई घनी आबादी वाला क्षेत्र है, यहां संकरी सड़कें, रिहायशी इलाके और बाजारों में लोगों की आवाजाही को देखते हुए पटाखे जलाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, छोटी-सी लापरवाही भी आगजनी, दुर्घटना और जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए लोगों से सुरक्षित एवं खुले स्थानों पर ही निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पटाखे जलाने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की गई है.
उन्होंने कहा कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जुगसलाई पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, पुलिस की प्राथमिकता केवल त्योहारों के दौरान व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना भी है.
इधर, आगामी छठ महापर्व को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को प्राथमिकता देने की तैयारी शुरू कर दी है, छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन और संवेदनशील स्थलों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है.
जुगसलाई पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि त्योहार उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से समझौता न करें। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण त्योहार का माहौल कायम किया जा सकता है.

















