Advertisement

[smartslider3 slider="10"]

 

मानगो नगर निगम में नाला सफाई के नाम पर खेल: जांच रिपोर्ट में दो बड़े नालों का जिक्र तक नहीं, फिर भी काम बताया ‘संतोषजनक’; RTI से हुआ खुलासा

By Goutam

Published on:

 

 
जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु को सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिले सरकारी दस्तावेजों से नाला सफाई अभियान में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। दस्तावेजों के अनुसार, जिस सफाई दल को पारस नगर–शांति नगर, बाबा फर्नीचर–काली मंदिर और डिमना चौक–खड़िया बस्ती के बड़े नालों की सफाई के लिए लगाया गया था, उसने 15 में से केवल 5 दिन ही इस क्षेत्र में काम किया। शेष 10 दिन यह दल नगर प्रबंधक के आदेश पर पुराने वार्ड 9 के रोड नंबर 13, हयात नगर में काम करता रहा।
90 श्रमिकों पर खर्च होने थे ₹7.58 लाख

निगम ने 5 जून 2026 को तीन समूहों में बड़े नालों की सफाई के कार्यादेश दिए थे। प्रत्येक समूह में 30 सफाईकर्मी (15 दिन के लिए, ₹515 प्रतिदिन की दर से) रखे गए थे। हर समूह के लिए ₹2,52,708 और कुल ₹7,58,124 की राशि तय थी। इसमें तेजाब तालाब–सुवर्णरेखा, जवाहर नगर रोड 13–देशबंधु लाइन और पारस नगर–शांति नगर–डिमना चौक के नाले शामिल थे।
जांच रिपोर्ट में दो नालों का जिक्र नहीं, फिर भी काम ‘संतोषजनक’

निगम के सफाई पर्यवेक्षक, नगर प्रबंधक और सहायक नगर आयुक्त के हस्ताक्षर वाली 11 अगस्त 2026 की जांच रिपोर्ट चौंकाने वाली है। इसमें समूह-3 के तहत मून सिटी, पारस नगर और शांति नगर में 5 दिन तथा हयात नगर में 10 दिन काम होने की बात दर्ज है। हैरानी की बात यह है कि रिपोर्ट में ‘डिमना चौक–खड़िया बस्ती’ और ‘बाबा फर्नीचर–काली मंदिर’ नालों की सफाई का कोई उल्लेख ही नहीं है, इसके बावजूद अधिकारियों ने कार्य को “संतोषजनक” लिख दिया। इस लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि रिपोर्ट के महज 8 दिन बाद (19 अगस्त को) शांति नगर, लक्ष्मण नगर और राम नगर में भारी जलजमाव हो गया।
दस्तावेज छिपाने का आरोप, राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपील

सौरभ विष्णु ने 18 अगस्त 2026 को इन नालों के कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र और निरीक्षण रिपोर्ट मांगी थी। 18 सितंबर के जवाब में निगम ने रिपोर्ट नहीं दी। बाद में 26 अक्टूबर को एक अन्य आवेदन के जवाब में यही जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराए गए, जिससे स्पष्ट है कि पहले आवेदन के समय भी ये रिपोर्ट निगम के पास मौजूद थीं। प्रथम अपील पर सुनवाई न होने के बाद अब उन्होंने झारखंड राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपील दायर की है।
₹13 करोड़ का बजट, पर मानसून 2027 की कोई तैयारी नहीं

आरटीआई से यह भी पता चला है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में नाला-नाली सफाई के लिए निगम का बजट ₹13 करोड़ है, लेकिन मानसून 2027 से पहले सफाई की कोई कार्ययोजना तैयार नहीं है। यहां तक कि निगम कार्यालय में जलजमाव की शिकायतों का कोई रजिस्टर या रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं है।
“19 अगस्त को शांति नगर और आसपास के मोहल्ले जलजमाव में डूबे। निगम के अपने कागज बताते हैं कि वहां के सफाईकर्मी कहीं और थे और दो बड़े नालों का जिक्र तक नहीं है। हम किसी पर आरोप नहीं लगा रहे, बस यह जानना चाहते हैं कि जनता के पैसे से तय सफाई कहां हुई और अगली बरसात की क्या योजना है।”
— सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच

Advertisement
Advertisement
समूहवार जांच रिपोर्ट का लेखा-जोखा:
 

समूह / कार्य क्षेत्र कार्यादेश राशि जांच रिपोर्ट तिथि प्रतिवेदन में दर्ज स्थिति
समूह 1: तेजाब तालाब से सुवर्णरेखा, नूर कॉलोनी ₹2,52,708 अगस्त 2026 कार्य संतोषजनक
समूह 2: जवाहर नगर रोड 13, देशबंधु लाइन ₹2,52,708 31.07.2026 कार्य संतोषजनक
समूह 3: पारस नगर–शांति नगर, बाबा फर्नीचर–काली मंदिर, डिमना चौक–खड़िया बस्ती ₹2,52,708 11.08.2026 5 दिन क्षेत्र में, 10 दिन हयात नगर में; कार्य संतोषजनक


जन विकास मंच की निगम से प्रमुख मांगें:
  1. तीनों समूहों के कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र, मापी पुस्तिका, उपस्थिति और भुगतान की स्थिति सार्वजनिक की जाए। साथ ही बताया जाए कि डिमना चौक–खड़िया बस्ती और बाबा फर्नीचर–काली मंदिर नालों की सफाई कब हुई।
  2. मानसून 2027 से पहले नाला सफाई की वार्डवार और नालावार योजना फरवरी 2027 तक तिथियों सहित जारी की जाए।
  3. भुगतान से पहले हर नाले के काम का सत्यापन स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हो और जलजमाव की शिकायतों का रजिस्टर संधारित किया जाए।

Dayal Builder
Srinath
Advertisement

ताजा खबरें

WhatsApp