जनसंवाद, जमशेदपुर (उमाकांत कर)। दुर्गा पूजा, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान बागबेड़ा थाना क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाने पर थाना प्रभारी उमेश ठाकुर को सम्मानित किया गया। बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के जनप्रतिनिधियों और बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के सदस्यों ने उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
पर्व-त्योहारों के दौरान बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर और उनकी पूरी पुलिस टीम ने बाजारों, सड़कों एवं नदी घाटों पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की। सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होने के बाद यह सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर मुखिया राजकुमार गोड, उप मुखिया संतोष ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य राजू सिंह, बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह एवं राघवेंद्र चौधरी, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राकेश सिंह, कुमार विशाल और राजकुमार सिंह उपस्थित रहे।
पुलिस टीम की सक्रियता से कायम रहा शांति का माहौल
मौके पर बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि सभी पर्व-त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई। पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के बेहतर समन्वय और सक्रियता के कारण पूरे क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहा। इसके लिए बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर सहित उनकी पूरी पुलिस टीम बधाई की पात्र है।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी उमेश ठाकुर और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की उम्मीद जताई।

















