जनसंवाद, जमशेदपुर। 54वीं एचएफआई सीनियर मेन्स नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप 2026 में झारखंड सीनियर पुरुष हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ को 38–33 से हराकर जीत दर्ज की है। टीम की यह जीत 5 गोल के अंतर से आई, जिसने प्रतियोगिता में झारखंड की मजबूत दावेदारी को और पुख्ता कर दिया है।

यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 23 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित की जा रही है। इससे पहले झारखंड टीम 22 मार्च को टाटानगर स्टेशन से रवाना हुई थी।
झारखंड टीम का नेतृत्व टाटा स्टील में कार्यरत कोच तौसीफ खान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में टीम ने शानदार तालमेल और रणनीति के साथ खेल का प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम इस जीत के रूप में सामने आया।
मुकाबले के दौरान झारखंड के खिलाड़ियों ने आक्रामक और संतुलित खेल दिखाया। खासकर शाहरुख अनवर और तुषार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों के दमदार खेल ने मैच का रुख झारखंड के पक्ष में बनाए रखा।
इस जीत के बाद टीम का मनोबल काफी ऊंचा है और आगामी मुकाबलों के लिए खिलाड़ी पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।
इस शानदार जीत पर झारखंड राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव खुर्शीद खान, फिरोज खान, पूनम रॉय और शहबाज़ खान ने टीम को बधाई देते हुए आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




















