आदित्यपुर / Balram Panda: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम द्वारा गुरुवार को जयप्रकाश उद्यान में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार और नागरिकों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली.

कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, महापौर संजय सरदार, उप महापौर अंकुर सिंह तथा नगर निगम की ब्रांड एम्बेसडर तनुश्री बोस मुख्य रूप से उपस्थित रहीं. इसके अलावा निगम के पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
इस अवसर पर अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया, वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बढ़ते प्रदूषण, घटते हरित क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक प्रयासों में निहित है. उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिकाधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की.

कार्यक्रम में जुस्को साउथ पार्क स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ जैसोय फाउंडेशन (JASSOY Foundation) के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई. सभी ने पौधरोपण कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया.
नगर निगम पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा जनआंदोलन है, इसी सोच के साथ निगम क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे.
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान न केवल हरित आदित्यपुर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, बल्कि नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक और प्रेरित करने का भी सशक्त माध्यम बना.




















