जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): खरसावां विधानसभा क्षेत्र के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत सोनरो फुटबॉल मैदान में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी इनुंग आखाड़ा के तत्वाधान में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के फाइनल एवं समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए। फाइनल मुकाबले का विधिवत उद्घाटन विधायक दशरथ गागराई एवं विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया।
फाइनल मुकाबला जय श्री राम एवं राजस्थान राबोन एफसी के बीच खेला गया, जिसमें जय श्री राम की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राबोन एफसी को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता रही जय श्री राम टीम को मुख्य अतिथि विधायक दशरथ गागराई के हाथों खस्सी एवं 6 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं उपविजेता रही राबोन एफसी की टीम को खस्सी एवं 5 हजार रुपये नकद, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली डाइंइसस्पात टीम तथा चतुर्थ स्थान पर रही सुमन ब्रदर्स की टीम को खस्सी के साथ 2-2 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा पंचम से लेकर आठवां स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को भेड़ा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें सही मंच और अवसर देने की। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा एवं ऊर्जावान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, ताकि ग्रामीण स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाया जा सके। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, संजय पुरती, टोपरेया पुरती, केरा पुरती, महेश पुरती, हीरालाल पुरती, हरिश होनहागा, नारायण पुरती सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।




















