जनसंवाद, चांडिल। नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से की गई। इस अवसर पर संस्थान परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
विद्यार्थियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
पूजा कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजा के दौरान पूरा संस्थान परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
तकनीकी शिक्षा और कौशल पर दिया जोर
संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण, तकनीक, कला और शिल्प के प्रतीक हैं। आज के तकनीकी युग में विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और कौशल के साथ अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आईटीआई जैसे तकनीकी शिक्षण संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नारायण प्राइवेट आईटीआई का उद्देश्य ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य जयदीप पांडेय, एडवोकेट निखिल कुमार, शांति राम महतो, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि भूषण महतो, देवाशीष मंडल, पवन महतो, अजय मंडल, गौरव महतो समेत संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















