जनसंवाद, जमशेदपुर। आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में एमओयू के तहत इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स एंड गेम्स 2026 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन तथा श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में बैडमिंटन, कैरम बोर्ड एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बालक एवं बालिकाओं के लिए एकल और युगल मुकाबले कराए गए। यह आयोजन चारों संस्थानों के बीच आपसी सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।
प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि करियर के नए अवसर भी खुलते हैं।
कैरम प्रतियोगिता में पुरुष एकल वर्ग में दीपक गोप (स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन) प्रथम, बुधुराम मुंडा (श्रीनाथ कॉलेज) द्वितीय और राहुल महतो (श्रीनाथ कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष युगल में सुनील सरदार-सौरव महतो (रंभा कॉलेज) की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया।
महिला एकल में रौशनी कुमारी, नूर जहां खान और नेहा महतो (सभी श्रीनाथ कॉलेज) क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। महिला युगल में अन्नू कुमारी मौर्या और रितु यादव की जोड़ी विजेता रही।
टेबल टेनिस में बालक एकल वर्ग में अमित कुमार राणा, बुधराम मुंडा और दीपक समद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालिका एकल में सुप्रिया जोंको प्रथम, अंकिता कुमारी द्वितीय और मोनिका सुंडी तृतीय स्थान पर रहीं। युगल वर्गों में भी श्रीनाथ कॉलेज के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
सभी प्रतियोगिताएं खेल प्रशिक्षक सूर्यजीत सिंह की देखरेख में संपन्न हुईं। समाचार लिखे जाने तक बैडमिंटन प्रतियोगिता जारी थी।



















