जनसंवाद, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर में अस्थाई से स्थाई हुए 9वें बैच के कर्मचारियों के लिए एक परिचयात्मक कार्यक्रम का आयोजन एमटीसी ऑडिटोरियम में किया गया। गौरतलब है कि बीते 25 दिसंबर को कुल 225 अस्थाई कर्मचारियों के स्थाईकरण की सूची जारी की गई थी, जिसके बाद यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, ईआर व सीएसआर हेड सौमिक रॉय सहित यूनियन के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यालय धारक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नवस्थाई कर्मियों को कंपनी की कार्य संस्कृति, जिम्मेदारियों और भविष्य की अपेक्षाओं से अवगत कराना था।
इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह एवं ईआर हेड सौमिक रॉय ने संयुक्त रूप से सभी नवस्थाई कर्मचारियों को एक वर्ष के प्रोबेशन पीरियड को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन, गुणवत्ता बनाए रखने और अनुशासन के साथ कार्य करने की अपील की।
यूनियन नेतृत्व ने कहा कि स्थाईकरण केवल एक पद नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें कर्मचारियों की भूमिका कंपनी की प्रगति और प्रतिष्ठा से जुड़ी होती है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी नवस्थाई कर्मचारी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य कर टाटा मोटर्स परिवार की गरिमा को और ऊंचा करेंगे।
कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कर्मचारियों में स्थाईकरण को लेकर खुशी साफ झलक रही थी।


















