जनसंवाद, जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में 1 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती और विश्व मुस्कान दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों में स्वच्छता, अहिंसा, प्रेम, करुणा, सकारात्मक सोच और मुस्कुराते हुए जीवन जीने की भावना विकसित करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।
ड्राइंग से लेकर स्माइल डांस तक कई गतिविधियां
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता, स्पीच, निबंध लेखन, स्माइल डांस, फनी फेस एक्सप्रेशन और स्लोगन लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
2 अक्टूबर को राष्ट्रीय अवकाश और 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन 1 अक्टूबर को ही किया गया।
गांधी जी के विचारों से कराया परिचित
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करने के बाद ज्ञानवर्धक स्पीच से हुई। विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्य के माध्यम से सत्य, अहिंसा, प्रेम और सरल जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद विद्यार्थियों ने स्माइल डांस प्रस्तुत किया। वहीं फनी फेस एक्सप्रेशन गतिविधि में बच्चों ने अलग-अलग मजेदार भाव-भंगिमाएं बनाकर सभी का मनोरंजन किया।
चश्मा और चरखा बनाकर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के चश्मे और चरखे की आकृतियां बनाईं। वहीं स्लोगन के माध्यम से भी विद्यार्थियों ने अपने विचार और भावनाएं व्यक्त कीं।
विजेता विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
निबंध प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों झानो हंसदा, अनुष्का सिंह, पलक सिंह, सिया कुमारी, सौम्या झा और ऋषभ कुमार को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार देकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में कार्यक्रम हर्षपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

















