जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र स्थित आश्रम आवासीय विद्यालय में मंगलवार को थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने छात्रों और शिक्षकों को महिला अपराध से जुड़े कानून, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा महिलाओं के अधिकारों और संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112, साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 और बच्चा चोरी संबंधी अफवाहों से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया। उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

थाना प्रभारी ने सड़क सुरक्षा और Good Samaritan कानून से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले लोगों को कानूनी संरक्षण दिया जाता है, इसलिए लोगों को मानवता के नाते आगे आना चाहिए।

मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षिकाओं को सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश देते हुए थाना प्रभारी ने कुचाई थाना का मोबाइल नंबर भी साझा किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने और आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।




















