जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। राज्य का कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इस उद्देश्य को लेकर कुचाई प्रखंड में विशेष नामांकन अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई है। मंगलवार को कुचाई प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) भवन में विद्यालय से बाहर रह रहे दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) संजय कुमार जोशी ने की, जिसमें प्रखंड के सभी विद्यालयों के शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक शामिल हुए।
बैठक में बीईईओ संजय कुमार जोशी ने बताया कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशानुसार यह विशेष नामांकन अभियान 15 जून से 24 जून 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह रहे दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करना तथा उन्हें शिक्षा के अधिकार से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान दिव्यांग बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
संजय कुमार जोशी ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालय से बाहर रहने वाले तथा विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर की जाए। साथ ही जिन बच्चों के पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं है, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित कर प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने दिव्यांग बच्चों का नामांकन निकटतम विद्यालय में अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और दिव्यांग बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बीईईओ ने कहा कि समाज में दिव्यांगता को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। अभिभावकों को यह समझाना होगा कि दिव्यांग बच्चे भी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय द्वारा दिव्यांगता के आधार पर किसी बच्चे को प्रवेश देने से इनकार नहीं किया जा सकता।
बैठक में लेखापाल कृष्ण मोहन महतो, सीआरपी शीतल प्रसाद साहू, रिसोर्स शिक्षक दयाल लेट, पंचु मार्डी सहित सभी प्रभारी प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।









