चांडिल / Balram Panda: कपाली ओपी क्षेत्र के कबीरनगर स्थित KGN मेडिकल दुकान में रंगदारी, फायरिंग और लूट की सनसनीखेज वारदात में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी सारिक साह उर्फ घेघा को सरायकेला-खरसावां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मानवीय साक्ष्यों और पेशेवर रणनीति के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागानशाही रोड नंबर-7 स्थित मुर्दा मैदान इलाके से दबोच लिया, उसकी गिरफ्तारी को मामले के खुलासे की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है.
ज्ञात हो कि 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे कबीरनगर स्थित KGN मेडिकल दुकान में घुसे अपराधियों ने संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की थी, विरोध करने पर बदमाशों ने जान लेने की नीयत से उन पर गोली चला दी थी, इसके बाद दुकान में जमकर तोड़फोड़ करते हुए नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे, घटना के बाद कपाली ओपी में कांड संख्या-57/2025 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.
जहां पुलिस अनुसंधान के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर इस कांड में शामिल कई आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, वहीं विभिन्न मामलों में जेल में बंद अन्य आरोपितों को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी, इसके बावजूद सारिक उर्फ घेघा लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी.
पुलिस के अनुसार, सारिक उर्फ घेघा इस वारदात में सक्रिय भूमिका में था, घटना में इस्तेमाल किए गए पिस्टल और कारतूस को पूर्व में सह-अभियुक्त दानिश कुरैशी उर्फ छोटू की निशानदेही पर बरामद किया जा चुका है, वहीं अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान भी अलग-अलग मामलों में हथियार बरामद किए गए थे, ऐसे में इस कांड में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी पहले ही सुनिश्चित की जा चुकी है.
जांच में यह भी सामने आया है कि सारिक साह उर्फ घेघा का आपराधिक नेटवर्क सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और ओडिशा तक फैला हुआ है, उसके खिलाफ चोरी, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज है, वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और विभिन्न ठिकानों पर छिपकर रह रहा था.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया, अभियान में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रणजीत कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय, हवलदार कृष्ण चंद्र बिरुआ तथा टाइगर मोबाइल के आरक्षी दस्तगीर आलम की सक्रिय भूमिका रही.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में संगठित अपराध, रंगदारी और हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हाल में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.












