आदित्यपुर / Balram Panda: स्वच्छ शहर के दावों के बीच आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र का वार्ड संख्या-11 स्थित ऑटो क्लस्टर मार्ग बदहाल सफाई व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रहा है, सड़क के दोनों किनारों से लेकर कई स्थानों तक फैले कचरे के ढेर न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं, बल्कि इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों के लिए भी रोजाना परेशानी का कारण बने हुए हैं.
बता दे यह सड़क औद्योगिक इकाइयों, आईटी संस्थानों, शैक्षणिक परिसरों और अस्पतालों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, दिनभर इस रास्ते से कर्मचारी, छात्र, मरीज, एंबुलेंस और भारी-हल्के वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद मार्ग पर फैली गंदगी यह संकेत दे रही है कि नियमित सफाई और निगरानी व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच पा रही है.
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ असामाजिक और गैर-जिम्मेदार लोग बेखौफ होकर सड़क किनारे कचरा फेंक रहे हैं, समय पर कचरा नहीं उठने के कारण धीरे-धीरे यह ढेर का रूप ले चुका है, तेज धूप और बारिश के बीच उठने वाली दुर्गंध से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है, जबकि राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क पर बिखरे कचरे के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन यदि प्रमुख संपर्क मार्ग ही गंदगी से पटे रहें तो ऐसे प्रयासों की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है, लोगों ने नगर निगम, संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारियों से इस मार्ग की सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है.
नागरिकों ने मांग की है कि ऑटो क्लस्टर मार्ग पर तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए, नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाए, इसके अलावा पूरे मार्ग पर पर्याप्त डस्टबिन, चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था विकसित करने की भी मांग उठाई गई है.
लोगों का कहना है कि यदि अभी भी ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह गंदगी आने वाले समय में संक्रामक बीमारियों, पर्यावरण प्रदूषण और यातायात संबंधी समस्याओं को और गंभीर बना सकती है, अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग इस समस्या का समाधान कितनी गंभीरता और कितनी तेजी से करता है.












