सरायकेला : जिले में साइबर अपराध और अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सरायकेला अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में संचालित अवैध ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग नेटवर्क पर सुनियोजित छापेमारी की गई, कार्रवाई के दौरान “Win Buzz Gaming” के नाम से संचालित ऑनलाइन बेटिंग एवं डिजिटल माध्यम से कथित ठगी के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ.
पुलिस ने मौके से इस नेटवर्क के संचालन में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आर्थिक लेन-देन कर अवैध सट्टेबाजी और डिजिटल ठगी जैसी गतिविधियों का संचालन कर रहे थे, मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 185/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा बंगाल पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लैपटॉप, 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम/डेबिट कार्ड, ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े क्यूआर कोड, हिसाब-किताब की डायरी, चार्जर, एडॉप्टर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, बरामद सामग्री को जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों की फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क की परतें खंगाली जा रही हैं, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर ठगी, अवैध ऑनलाइन बेटिंग और डिजिटल अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे नेटवर्क के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
















