जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी “उन्नति का पहिया” योजना के तहत शनिवार को कुचाई प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय,कुचाई परिसर में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के कुल नौ विद्यालयों के लगभग 162 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा,विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा,प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार, बीपीओ मिहीर कुमार दास तथा मुखिया करम सिंह मुंडा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान कर किया गया।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की उन्नति का पहिया योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ना तथा विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचेगा और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगे।
सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।
विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में साइकिल उनके लिए एक महत्वपूर्ण साधन साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आएगी।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 162 छात्र-छात्राओं को योजना के तहत साइकिल उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करना है ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार ने विद्यार्थियों को साइकिलों का सुरक्षित उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
वहीं बीपीओ मिहीर कुमार दास ने विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति बनाए रखने और बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।साइकिल प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा, बीईईओ संजय कुमार जोशी, प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार, बीपीओ मिहीर कुमार दास, मुखिया करम सिंह मुंडा, उत्तम कुमार प्रधान, कुशल सिंह सोय, मुकेश कुमार सोय, जोएल ओमंग, दैत्यारी लेंका, नंद किशोर प्रधान, भोला नाथ गोप सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं व छात्र छात्राओं उपस्थित थे।
















