जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में अब रात के समय आवागमन और बाजारों में रोशनी की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने अपने विधायक निधि मद से स्थापित चार हाईमास्ट लाइटों का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने नारियल फोड़कर और स्विच ऑन कर चिरूडीह चौक, गोपीडीह चौक, सांकोडीह डिली बाजार चौक और छोटाचाकडीह चौक में हाईमास्ट लाइट का शुभारंभ किया।
हाईमास्ट लाइट के शुरू होते ही पूरे क्षेत्र में रोशनी फैल गई, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से इन प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा रही थी। खासकर शाम और रात के समय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई हाईमास्ट लाइटों के लगने से अब इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, भरत सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सामाड, मुखिया करम सिंह मुंडा, राम सोय, बिनोद सिंह देव, रावण सुमबरूई, चंद्रमोहन मुंडा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी आवश्यक है। हाईमास्ट लाइट से रात में आवागमन आसान होगा और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और रखरखाव में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्य तभी सफल होंगे, जब आम जनता भी उनमें अपनी भागीदारी निभाएगी।
ग्रामीणों ने हाईमास्ट लाइट की स्थापना के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि चौक-चौराहों पर पर्याप्त रोशनी होने से बाजार आने-जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों और राहगीरों को सुविधा मिलेगी। साथ ही रात्रि के समय दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि चारों प्रमुख चौकों पर हाईमास्ट लाइट लगने से गांवों में भी अब शहर जैसी प्रकाश व्यवस्था दिखाई देने लगी है।

















