जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): कुचाई प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय में कार्यरत पर्यवेक्षक बेलमती जोंको के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल को याद किया।
समारोह में अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन एवं बाल विकास परियोजना के प्रधान लिपिक मार्टिन मुर्मू ने बेलमती जोंको को सॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में सेवानिवृत्ति एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन लंबे समय तक विभाग को अपनी सेवाएं देने वाले कर्मियों का योगदान हमेशा याद किया जाता है। बेलमती जोंको ने अपने सेवाकाल के दौरान बाल विकास परियोजना के कार्यों को जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ निभाया। उनके अनुभव,व्यवहार और कार्यशैली से विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी सीखने का अवसर मिला।
विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया। सभी ने उनके सरल स्वभाव,मिलनसार व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। साथ ही उनके स्वस्थ,सुखमय एवं खुशहाल भविष्य की कामना की।
अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन ने कहा कि सरकारी सेवा में आने वाले प्रत्येक कर्मचारी का एक निश्चित कार्यकाल होता है। सेवानिवृत्ति के बाद जीवन की एक नई पारी शुरू होती है।
उन्होंने बेलमती जोंको के बेहतर भविष्य एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि विभाग के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।वहीं,बाल विकास परियोजना के प्रधान लिपिक मार्टिन मुर्मू ने भी उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान में लंबे समय तक सेवा देने वाले कर्मियों का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहता है। समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा। सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके सेवानिवृत्त जीवन में सुख,शांति और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान मुख्य रूप से सीओ सह सीडीपीओ सुषमा सोरेन, प्रधान लीपिक मार्टिन मुर्मू, पर्यवेक्षक सरस्वती माझी, फाल्गुनी साह, मुकेश कुमार, एसके गोस्वामी सहित आंगनबाड़ी सेविका उपस्थित थे।

















